Ramesh Chandra Pandya

Ramesh Chandra Pandya

रमेश चंद्र पंड्या का जन्म 8 मई 1952 को हुआ। उनके स्वभाव और संस्कारों के निर्माण में गांधी आश्रम स्कूल की निर्णायक भूमिका रही। गाँव के महात्मा गांधी विद्यालय में किताबी शिक्षा के साथ-साथ स्वावलंबन की शिक्षा दी जाती थी। वहाँ कताई-बुनाई, कृषि तथा हथकरघे पर दरी-पट्टियाँ बनाना सीखा। उद्योग, उद्यम और उपार्जन की व्यावहारिक शिक्षा ने उनके जीवन का आधार तैयार किया। आज भी वे प्रतिदिन चरखा चलाते हैं— उन्हें यह सक्रिय ध्यान का माध्यम लगता है, जिससे विचारों में सकारात्मकता आती है।
किताबी ज्ञान से अधिक गांधी आश्रम की व्यावहारिक और नैतिक शिक्षा ने उन्हें गढ़ा। गांधी की स्वाभिमान और आत्मसम्मान की शिक्षाएँ उन्हें अधिक आकर्षक लगीं। ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए…’ और ‘कदम-कदम पर कील गड़े हैं, आँगन-आँगन काँच, अपने जोखिम नटवर नागर नाच सके तो नाच’ जैसे आदर्श उनके मार्गदर्शक बने।
पिता प्रभाशंकर पंड्या की राजनीतिक विरासत का दायित्व निभाते हुए उन्होंने राजनीति को अपनाया। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री हरिदेव जोशी के संरक्षण में वे साधारण कार्यकर्ता से जिला अध्यक्ष, सरपंच से विधायक तथा राज्य मंत्री तक पहुँचे। राजनीति को भी उन्होंने अपने ढंग से जिया— अभाव रहे, पर कुभाव नहीं आए। आज योग्य संतानों के कारण अभाव समाप्त हो गए हैं और जीवन का सुख गूँगे के गुड़ जैसा अनुभव होता है।
लेखन-रुचि के चलते 1987 में साप्ताहिक ‘माही प्रवाह’ निकाला, जो आज भी प्रकाशित हो रहा है। राजनीति, सामाजिकता, अंधविश्वास जैसे विषयों पर बेबाकी से लिखा। गाहे-बगाहे पद्य भी लिखा, जिसे वे कविता कहने में हिचकते रहे। वे रचनाएँ ‘माही प्रवाह’ में छपती रहीं और अब ‘ऐ आदमी’ शीर्षक से पुस्तकाकार में प्रस्तुत हैं।